इसके अलावा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शिमला के एक अधीक्षक के पॉजिटिव आने के बाद 12 मुलाजिमों को सैंपल लेकर होम क्वारंटीन कर दिया। दोनों कार्यालय परिसरों को सैनिटाइज कर दिया गया। सिरमौर के नाहन में गोविंदगढ़ मोहल्ले में 15 और पॉजिटिव मामले आए हैं। इसके अलावा ऊना में संक्रमित 6 लोगों में 3 सेना के जवान हैं। कांगड़ा जिले में शनिवार को कोरोना के 17 मामले आने से हड़कंप मच गया। इनमें सेना के छह जवान और दो परिवारों के सात सदस्य शामिल हैं। वहीं,बैजनाथ में पिता के अंतिम संस्कार में शामिल एक सैनिक की शाम को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब परिजनों और गांव वालों के सैंपल लिए जाएंगे। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने इसकी पुष्टि की है। हमीरपुर में आए दो कोरोना संक्रमितों में एक उत्तर प्रदेश और दूसरा फरीदाबाद से लौटा है।
राजधानी शिमला में रिपन अस्पताल में संस्थागत औप होम क्वारंटीन के अलावा एडवोकेट जनरल के संपर्क में आए लोगों के सैंपल भरे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल 55 सैंपल लिए। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2062 को गई है। 861 सक्रिय मामले हैं। 1173 ठीक हो गए हैं। आज 28 और मरीज ठीक हो गए हैं। 12 की मौत हुई है और 15 राज्य के बाहर चले गए हैं।
बाहरी राज्यों से आने वाले परीक्षार्थी ठहराए जाएंगे होटलों में
वहीं, राज्य में आवागमन से संबंधित आदेशों में सरकार ने आंशिक संशोधन किया है। अब माता-पिता के साथ प्रतियोगी चयन परीक्षाओं के कारण बाहर से आने वाले परीक्षार्थी पर्यटन विभाग द्वारा पंजीकृत स्थानीय होटलों एवं इकाइयों में ठहरने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
नाहन और ददाहू में संपूर्ण लॉकडाउन, छाई विरानगी
वहीं, नाहन शहर के गोविंदगढ़ मोहल्ला में सामुदायिक संक्रमण फैलने के खतरे के मद्देनजर शनिवार को संपूर्ण लॉकडाउन रहा। लोग घरों से नहीं निकले। बाजारों में सन्नाटा दिखा। प्रशासन की ओर से लगाए गए दो दिन के लॉकडाउन के दौरान भीड़ से खचाखच भरा रहने वाला नाहन का बड़ा चौक और दिल्ली गेट सूना दिखा। हालांकि, इक्का-दुक्का लोग दवाइयां लेने या फिर सिलिंडर लेने के लिए बाजार में जरूर देखे गए।
जिला प्रशासन ने नाहन और ददाहू शहर को दो दिन के लिए लॉकडाउन कर दिया है। गोविंदगढ़ मोहल्ला में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया। लॉकडाउन के दौरान सुबह सात से नौ बजे तक डेयरी की दुकानें ही खुली रहीं। दवाइयों की दुकानें खुली रहीं। बाजार में इक्का-दुक्का लोग मेडिकल इमरजेंसी के चलते बाजारों को पहुंचे। उन्हें भी पुलिस पूछताछ का सामना करना पड़ा। पांवटा से शिमला या शिमला से पांवटा की ओर जाने वाले लोगों को यशवंत चौक से गुन्नूघाट होते हुए सर्कुलर रोड से भेजा गया।
बाजार आने वालों से हुई कड़ी पूछताछ
दिल्ली गेट के समीप पुलिस गुमटी के समीप से एक स्कूटी सवार गुजरा। वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने स्कूटी सवार को रोका और जांच पड़ताल की। पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही उसे आगे जाने दिया गया। डीएसपी परम देव ने बताया कि पूरा शहर सील है। शिमला रोड, दो सड़क, दिल्ली गेट, यशवंत चौक समेत शहर में जगह-जगह नाके लगाए गए हैं।
रानीताल में टूट गए बैरिकेट्स
कंटेनमेंट जोन बनाए गए रानीताल इलाके में लगाए गए लोहे और लकड़ी के एंगलों के बैरिकेट्स टूट गए हैं। यह किसी शरारती तत्वों ने तोड़े या फिर लावारिस पशुओं ने, इसका पता नहीं चल पाया है। डीएसपी ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में 24 घंटे पुलिस अपनी ड्यूटी कर रही है। कोई बाहर नहीं आ सकता और न ही कोई अंदर जा सकता है।


0 Comments